पोखड़ा,पौड़ी 27 मई 2026। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विकासखंड मुख्यालय पोखड़ा में बहुदेशीय शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में 20 दिव्यांगजनों को विकलांग प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा करीब 150 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकासखंड पोखड़ा में पेयजल, सड़क, सिंचाई, पर्यटन, शिक्षा एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी कई योजनाएं संचालित हैं, जिनमें अनेक कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि शेष पर तेजी से कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि बरसुंडा देवता ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना के लिए लगभग 29 करोड़ 83 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के 40 से अधिक गांव लाभान्वित होंगे। वहीं जल जीवन मिशन के अंतर्गत 44 गांवों में पेयजल सुविधा के लिए 29 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
सड़क निर्माण कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कई मोटर मार्गों के निर्माण, डामरीकरण एवं सुधारीकरण हेतु करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा पंचायत भवनों के निर्माण एवं मरम्मत, मिनी स्टेडियम, पर्यटक आवास गृह, विद्यालयों में चारदीवारी एवं भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास योजनाओं पर कार्य किए जा रहे हैं।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चौबट्टाखाल में 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा, नहर मरम्मत एवं लघु सिंचाई योजनाओं पर भी करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें लोगों ने खूब सराहा। शिविर में समाज कल्याण, पंचायती राज, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, स्वास्थ्य, लोक निर्माण एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, ब्लॉक प्रमुख संजय गोस्वामी, भाजपा नेता सुयश रावत, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
