आधुनिक खेती से आत्मनिर्भर बने प्रगतिशील कृषक बेनी सिंह

Share on Social Media

देहरादून, 27 मई 2026 (सू.वि.)। सहसपुर विकासखंड के ग्राम कैचीवाला निवासी प्रगतिशील कृषक बेनी सिंह आज क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं। लगभग 40 बीघा कृषि भूमि पर आधुनिक तकनीकों के माध्यम से खेती कर रहे बेनी सिंह ने कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाया है।

कृषि विभाग द्वारा संचालित “सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन” (SMAM) योजना के अंतर्गत उन्हें रीपर कम बाइन्डर मशीन पर 2.57 लाख रुपये का अनुदान प्रदान किया गया। साथ ही वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत डीबीडब्ल्यू-187 एवं डीबीडब्ल्यू-327 प्रजाति के 2 कुंतल उन्नत गेहूं बीज उपलब्ध कराए गए।

बेनी सिंह ने विभागीय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में वैज्ञानिक विधि से उन्नत बीजों की बुवाई की, जिससे गेहूं उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। फसल कटाई के लिए रीपर कम बाइन्डर मशीन के उपयोग से खेती का कार्य अधिक तेज, सरल और किफायती बन गया।

उन्होंने बताया कि पहले फसल कटाई में लगभग 1300 रुपये प्रति बीघा खर्च आता था और पूरा कार्य 6 से 7 दिन में पूरा होता था, जबकि अब मशीन की सहायता से यह कार्य मात्र एक दिन में पूरा हो जाता है। स्वयं के कृषि यंत्र और नलकूप सुविधा होने से खेती की लागत में कमी आई है तथा समय और उत्पादन दोनों की बचत हुई है।
बेनी सिंह ने अपनी खेती के अलावा क्षेत्र के अन्य किसानों की लगभग 120 बीघा फसल की कटाई भी मशीन से की, जिससे उन्हें 900 रुपये प्रति बीघा की दर से करीब 1 लाख 8 हजार रुपये की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई।

आज बेनी सिंह आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन रहे हैं तथा क्षेत्र के अन्य किसानों को भी यंत्रीकृत खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *