महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस का विधानसभा भवन के समक्ष धरना,भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप

Share on Social Media

देहरादून, 23 अप्रैल। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा सरकार द्वारा जनता को गुमराह किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में उत्तराखंड विधानसभा भवन के समक्ष विशाल एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग उठाई।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता विधानसभा परिसर के बाहर एकत्र हुए और महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्ष 2023 में संसद के दोनों सदनों से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित होने के बावजूद भाजपा सरकार इसे लागू करने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनगणना और परिसीमन के नाम पर महिलाओं को भ्रमित कर रही है।

गोदियाल ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार दिलाने की शुरुआत कांग्रेस ने की थी। स्वर्गीय राजीव गांधी ने स्थानीय निकायों में महिलाओं के आरक्षण की परिकल्पना की, जिसे बाद में कांग्रेस सरकार ने लागू किया। आज देशभर में लाखों महिला जनप्रतिनिधि उसी सोच का परिणाम हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वर्ष 2008 में डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार महिला आरक्षण विधेयक को आगे बढ़ा चुकी थी, लेकिन उस समय भाजपा ने इसका विरोध किया था। अब राजनीतिक दबाव में भाजपा ने बिल तो पारित कराया, लेकिन लागू करने में देरी कर रही है।

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि आरक्षण लागू करने की समयसीमा निकलने के बावजूद महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रही है, लेकिन अधिकार देने से पीछे हट रही है।

चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि देश की महिला शक्ति भाजपा की इस कथनी और करनी के अंतर को समझ चुकी है और समय आने पर जवाब देगी।

धरने में पूर्व मंत्री नवप्रभात, राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, विधायक ममता राकेश,अनुपमा रावत, रवि बहादुर,आर्येंद्र शर्मा, राजेंद्र भंडारी, रघुवीर सिंह बिष्ट, नवीन जोशी, संजय पालीवाल, अश्विनी बहुगुणा, वैभव वालिया, गरिमा दसौनी, हेमा पुरोहित, पंकज क्षेत्री, पूनम कंडारी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

संचालन महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी ने किया

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *