नोएडा–हरियाणा के श्रमिक आंदोलन के समर्थन में सीटू का प्रदर्शन, सरकारों के खिलाफ पुतला दहन

Share on Social Media


देहरादून, 16 अप्रैल। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) ने नोएडा व हरियाणा में चल रहे श्रमिक आंदोलन के समर्थन में केंद्र, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकारों के खिलाफ पुतला दहन कर अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

सीटू देहरादून जिला कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित कार्यालय से पुतला लेकर गांधी पार्क होते हुए क्वालिटी चौक पहुंचे, जहां सरकारों के श्रमिक विरोधी रवैये के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका गया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीटू के जिला महामंत्री लेखराज ने कहा कि भाजपा शासित केंद्र, उत्तर प्रदेश और हरियाणा सरकारें अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहे श्रमिकों पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही हैं, जिसका सीटू कड़ा विरोध करता है। उन्होंने मांग की कि गिरफ्तार श्रमिकों को तत्काल रिहा किया जाए।

लेखराज ने कहा कि इन राज्यों की तरह उत्तराखंड में भी मजदूरों का शोषण चरम पर है। पूंजीपतियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते मजदूरों से 12 घंटे काम लेकर भी ओवरटाइम नहीं दिया जाता, न्यूनतम वेतन से कम भुगतान किया जाता है, ग्रेच्युटी नहीं दी जाती और भविष्य निधि व ईएसआई जैसी सुविधाएं भी लागू नहीं की जातीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा वेतन में मामूली वृद्धि की गई है, जबकि श्रमिक 26 हजार रुपये न्यूनतम वेतन की मांग कर रहे हैं।

लेखराज ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों व संस्थानों में भी श्रमिकों का शोषण जारी है। निर्माणाधीन लखवाड़-व्यासी जलविद्युत परियोजना सहित सेलाकुई, सिडकुल, लालतप्पड़ जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी मजदूरों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं, लेकिन वह दिन दूर नहीं जब श्रमिक शोषण के खिलाफ एकजुट होकर बड़ा आंदोलन खड़ा करेंगे।

उन्होंने उत्तराखंड सरकार से श्रमिकों के शोषण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

इस अवसर पर सीटू के जिला अध्यक्ष एस.एस. नेगी, उपाध्यक्ष भगवंत पयाल, सचिव अभिषेक भंडारी, शिव प्रसाद देवली, राजेंद्र पुरोहित, बस्ती बचाओ आंदोलन के संयोजक अनंत आकाश सहित अनेक वक्ताओं ने विचार व्यक्त करते हुए आंदोलनकारी मजदूरों के प्रति समर्थन जताया।

कार्यक्रम में लक्ष्मी नारायण, नरेंद्र सिंह, नितिन बोठियाल, मनमोहन मल्ल, धीरज, मुरारी सिंह, बचन सिंह राणा, चिमानंद, हरीश कुमार, गुरमीत सिंह, जय किशन, दिनेश नौटियाल, उदय राम ममगाई, कमला देवी, वंदना देवी सहित बड़ी संख्या में सीटू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *