देहरादून में पेंशनरों के भौतिक सत्यापन हेतु विशेष शिविर 22 व 24 अप्रैल को आयोजित होंगे

Share on Social Media


देहरादून, 17 अप्रैल (सूचना विभाग)। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग द्वारा पेंशनरों के भौतिक सत्यापन के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के प्रथम चरण में समाज कल्याण, महिला कल्याण एवं ग्राम्य विकास विभाग की संयुक्त टीम सहसपुर एवं डोईवाला विकासखंडों में शिविर लगाएगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि 22 अप्रैल को सहसपुर ब्लॉक के ग्राम खुशहालपुर स्थित पंचायत भवन तथा 24 अप्रैल को डोईवाला ब्लॉक के राइका बुल्लावाला में प्रातः 11 बजे से पेंशनरों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में ग्राम प्रधान, सहायक समाज कल्याण अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी द्वारा मौके पर ही परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध कराते हुए सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण कराई जाएगी।

वृद्धावस्था, दिव्यांग, विधवा एवं परित्यक्ता पेंशनरों को शिविर में स्वयं उपस्थित होकर वोटर आईडी एवं आधार कार्ड की मूल प्रति साथ लानी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर सत्यापन हेतु अनुपस्थित रहने वाले पेंशनरों की आगामी पेंशन धनराशि का भुगतान रोक दिया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए शत-प्रतिशत पेंशनरों का सत्यापन समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *