सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक के लिए देहरादून में व्यापक अभियान शुरू

Share on Social Media

देहरादून। मा. उच्च न्यायालय नैनीताल एवं आयुक्त गढ़वाल मंडल के निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जनपद में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर नगर निगम देहरादून के 100 वार्डों में निगरानी एवं प्रवर्तन के लिए 50 सेक्टर अधिकारी नामित किए गए हैं।

अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा ने बताया कि अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंधित उत्पादों के निर्माण, आयात, भंडारण, वितरण, बिक्री एवं उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्लास्टिक निर्माण करने वाले उद्योगों एवं फैक्ट्रियों का भी निरीक्षण किया जाएगा।

उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत संयुक्त आयुक्त विवेचना/प्रवर्तन, राज्य कर, देहरादून को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वे नगर निकायों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर अभियान की निगरानी करेंगे।

ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध के साथ विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। विकासनगर, हरबर्टपुर, डोईवाला, मसूरी एवं सेलाकुई सहित अन्य क्षेत्रों में संबंधित नगर निकायों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से प्लास्टिक प्रतिबंध एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अभियान में सहयोग करेंगे।

सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर कार्रवाई एवं स्वच्छता अभियान की पूर्व एवं पश्चात की गूगल फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग को भी प्रवर्तन कार्रवाई में आवश्यक सहयोग देने को कहा गया है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *