भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सम्मान और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प

Share on Social Media


देहरादून। भारतीय जनता पार्टी की कथित दलित विरोधी मानसिकता एवं दलित समाज के सम्मान के विरुद्ध की जा रही बयानबाजी के विरोध में आज महानगर कांग्रेस कमेटी देहरादून एवं उत्तराखंड कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भाजपा के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।

कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा की नीतियों और नेताओं की बयानबाजी पर आक्रोश व्यक्त करते हुए दलित समाज के सम्मान, अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और अधिकार प्रदान किए हैं। इसके बावजूद भाजपा नेताओं द्वारा दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बयानबाजी किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। कांग्रेस ने कहा कि दलित समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा को अपनी दलित विरोधी मानसिकता स्पष्ट करनी चाहिए और ऐसे बयानों पर तत्काल रोक लगानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है तथा दलित, वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाने के बजाय उन्हें राजनीतिक रूप से गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तराखंड कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष  मदन लाल ने कहा कि दलित समाज संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय में विश्वास रखता है। कांग्रेस हमेशा से वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी दलित समाज के सम्मान के लिए मजबूती से संघर्ष करती रहेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर पाल सिंह (गोगी) ने कहा कि लोकतंत्र में सभी वर्गों के सम्मान की जिम्मेदारी राजनीतिक दलों की है। किसी भी समाज या वर्ग के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा और मानसिकता का कांग्रेस हर स्तर पर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने नेताओं की आपत्तिजनक बयानबाजी पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिनव थापर एवं अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का संविधान समानता और सामाजिक न्याय की बुनियाद पर खड़ा है। कांग्रेस संविधान की रक्षा और प्रत्येक वर्ग के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष सी.पी. सिंह, प्रदेश महासचिव याकूब सिद्दीकी, प्रदेश गोरखा विभाग अध्यक्ष अनिल बस्नेत, नीरज त्यागी, महेंद्र नेगी गुरु, संजय गौतम, पूनम खंडारी, अशोक कुमार, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *