आंगनवाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन का आंदोलन का ऐलान, 15 सितंबर से चरणबद्ध प्रदर्शन

Share on Social Media


देहरादून। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकत्री सेविका कर्मचारी यूनियन की बैठक प्रांतीय अध्यक्ष जानकी चौहान की अध्यक्षता में सीटू कार्यालय, कांवली रोड में आयोजित हुई। जिसमें मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 15 सितंबर 2026 से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि 3 मार्च 2024 के आंदोलन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंगनवाड़ी, आशा एवं भोजनमाता संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात कर मानदेय बढ़ाने के लिए हाईपावर कमेटी गठित करने की घोषणा की थी, लेकिन लंबे समय बाद भी मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।

पदाधिकारियों ने सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मांगों की अनदेखी के विरोध में व्यापक आंदोलन किया जाएगा और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

बैठक में तय किया गया कि 15 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन, इसके बाद 17 सितंबर से ब्लॉक मुख्यालयों पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके पश्चात राज्य सचिवालय पर महापड़ाव आयोजित कर सरकार पर मांगें पूरी करने का दबाव बनाया जाएगा।

बैठक में सीटू के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र सिंह नेगी, जिला महामंत्री लेखराज, यूनियन की प्रांतीय अध्यक्ष जानकी चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष जानकी रावत, महामंत्री चित्रकला, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, ज्योतिका पाण्डेय, महिला समिति अध्यक्ष माला गुरुंग, सुनीता रावत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *