मतदाता पुनरीक्षण अभियान में तेजी, दूसरे दिन 1.33 लाख गणना प्रपत्र वितरित

Share on Social Media

देहरादून। मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान ने जनपद देहरादून में गति पकड़ ली है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

जनपद के सभी 1882 मतदेय स्थलों पर अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन अपराह्न तक जनपद की दसों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा 1,33,113 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है। चकराता, विकासनगर, सहसपुर, धर्मपुर, रायपुर, राजपुर रोड, देहरादून कैंट, मसूरी, डोईवाला तथा ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ सक्रिय रूप से मतदाताओं तक पहुंचकर प्रपत्र वितरित कर रहे हैं।

अभियान के तहत दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। बिजून जैसे सुदूर गांवों में मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए हैं। जिन घरों में मतदाता अनुपस्थित मिले, वहां सूचना संबंधी स्टीकर चस्पा किए गए हैं, ताकि संबंधित नागरिक निर्धारित समय के भीतर अपना प्रपत्र भर सकें। तहसीलदार ऋषिकेश द्वारा नगर निगम ऋषिकेश के महापौर को गणना प्रपत्र सौंपा गया, जबकि तहसीलदार विकासनगर ने कारबारी ग्रांट क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रपत्र वितरण कार्य का निरीक्षण किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के मतदाता वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना अथवा अपने माता-पिता या दादा-दादी का नाम मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट पर खोज सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। अन्य राज्यों के मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अंतिम एसआईआर मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जो नागरिक दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे ईसीआईनेट एप अथवा ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग कर अपने बीएलओ से संपर्क स्थापित कर सकते हैं। गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करने की अंतिम तिथि 7 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से नवीन रंगीन पासपोर्ट आकार की फोटो तैयार रखने तथा गणना प्रपत्र में अपना अद्यतन मोबाइल नंबर दर्ज करने का भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ‘‘कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं’’ के लक्ष्य के साथ जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग का यह अभियान जनपद के प्रत्येक घर तक पहुंचाया जा रहा है।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *