18 जून तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण पूरा करें : विजय कुमार जोगदाडे

Share on Social Media


देहरादून। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदाडे ने गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद देहरादून के निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभावार विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान  प्रगति की समीक्षा की। बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर आरओ एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ईआरओ उपस्थित रहे।

उन्होंने सभी आरओ एवं ईआरओ को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल दो बार पोर्टल पर लॉगिन कर एसआईआर कार्यों की समीक्षा करें तथा प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 18 जून 2026 तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण का कार्य पूरा कर संबंधित विवरण पोर्टल पर अद्यतन किया जाए। साथ ही पूर्ण रूप से भरे हुए फार्मों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में अभियान की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। कम प्रगति के कारणों का विश्लेषण कर बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके।

बैठक में निर्देश दिए गए कि हाउसिंग सोसायटियों, कार्यालय परिसरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाए। साथ ही व्यापक जनजागरूकता के लिए विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार बढ़ाने तथा मतदाताओं को फार्म भरने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया गया।
जोगदाडे ने कहा कि फार्म वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य भी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रतिदिन संपादित किए जाएं। जिन मतदान केंद्रों पर प्रगति धीमी है, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं निगरानी करते हुए बीएलओ एवं तकनीकी स्टाफ के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि जनपद में कुल 13,76,813 मतदाता हैं। अब तक 3,27,236 ईएफएस फार्मों का वितरण किया जा चुका है तथा 16,748 फार्मों का डिजिटाइजेशन पूर्ण हो चुका है। शेष 10,49,577 ईएफएस फार्मों का वितरण 18 जून तक किया जाना है, जबकि 13,60,065 फार्मों का डिजिटाइजेशन अभी शेष है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, डोईवाला उप जिलाधिकारी अपर्णा सिंह, चकराता उप जिलाधिकारी, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी, तहसीलदार सदर सुरेन्द्र सिंह, तहसीलदार प्रदीप नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित संबंधित आरओ एवं ईआरओ उपस्थित रहे। जबकि मसूरी के आरओ एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *