गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह के नेतृत्व में चार विधानसभा क्षेत्रों में निकली उत्तराखण्ड न्याय यात्रा

Share on Social Media


देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर संचालित उत्तराखण्ड न्याय यात्रा के तहत रविवार को लैन्सडाउन, चौबट्टाखाल, कैन्ट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्राएं निकाली गईं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी एवं लखपत बुटोला के नेतृत्व में पौड़ी जनपद के लैन्सडाउन और चौबट्टाखाल में, जबकि चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में देहरादून के कैन्ट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा आयोजित की गई।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन और अपराध जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार की बदहाल स्थिति के साथ जंगली जानवरों का आतंक ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि राजधानी देहरादून भी यातायात जाम, पेयजल संकट, जलभराव और खराब सड़कों जैसी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने और आम जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रही है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखण्ड न्याय यात्रा का उद्देश्य जनता के अधिकारों, सामाजिक न्याय, महिला सुरक्षा, रोजगार और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार की नीतियों का जवाब देगी और प्रदेश में बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *