देहरादून। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के उद्देश्य से संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गणना फॉर्म सौंपा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत सभी मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक बूथ स्तर अधिकारी बीएलओ मतदाताओं से प्राप्त गणना फॉर्मों का बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटलीकरण करेंगे। इस प्रक्रिया से मतदाता सूची की शुद्धता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता में और अधिक सुधार होगा।
इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।
