मैन्अुल स्कैवेंजर्स एवं सफाई कर्मचारियों के कल्याण हेतु विशेष जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन

Share on Social Media

देहरादून, 16 जून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशानुसार मैन्अुल स्कैवेंजर्स, सफाई कर्मचारियों तथा उनके आश्रितों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से जनपद देहरादून में विशेष जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।

यह अभियान समाज कल्याण विभाग के समन्वय में संचालित किया जाएगा, जिसमें जिला प्रोबेशन विभाग, बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग, लीड बैंक, ई-डिस्ट्रिक्ट, नगर निगम एवं नगर पालिकाएं सहभागी होंगी।

शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन निम्नानुसार किया जाएगा—
17 जून 2026 – नगर पालिका सभागार, मसूरी
24 जून 2026 – सामुदायिक भवन, पटेलनगर (संजय कॉलोनी)
30 जून 2026 – नगर पालिका सभागार, विकासनगर
08 जुलाई 2026 – वाल्मिकी बस्ती, वार्ड संख्या-24, शिवाजी मार्ग, कांवली रोड
15 जुलाई 2026 – वाल्मिकी बस्ती मंदिर सभागार, चन्दर रोड, देहरादून

उन्होंने बताया कि शिविरों में उपस्थित लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा पात्रता के अनुसार उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने मैन्अुल स्कैवेंजर्स, सफाई कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि वे इन अवसरों का लाभ उठाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपने सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लें।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *