देहरादून, 12 मई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नर्सिंग एकता मंच उत्तराखंड के आंदोलनरत नर्सिंग अभ्यर्थियों के धरना स्थल पर पहुंचकर उनकी न्यायोचित मांगों का समर्थन किया तथा राज्य सरकार से शीघ्र समाधान निकालने की मांग की।
ज्ञातव्य है कि नर्सिंग एकता मंच उत्तराखंड के बैनर तले नर्सिंग अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन एवं अनशन कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनरत अभ्यर्थियों को समर्थन देते हुए सरकार से उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।
गणेश गोदियाल ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक स्थिति है कि पिछले 35 घंटे से अधिक समय से महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित कुछ नर्सिंग अभ्यर्थी परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़े हुए हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई संवेदनशील पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलनरत युवाओं और नर्सिंग अभ्यर्थियों की आवाज सुननी चाहिए तथा उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर सरकार को सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
इस अवसर पर मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, प्रदीप थपलियाल, जगदीश धीमान, प्रदेश सचिव राजीव तोमर, सुनित सिंह राठौर, प्रवक्ता मोहन काला, हुकुम सिंह कठैत, ब्लॉक अध्यक्ष ललित भद्री, राकेश सिंह मिया, वीरेन्द्र पंवार, विनीत प्रसाद बंटू, विनोद धनोसी सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
