कलेक्ट्रेट व्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, रिकॉर्ड से लेकर आपदा तैयारियों तक परखी व्यवस्थाएं

Share on Social Media

देहरादून, 26 मई 2026। नवनियुक्त जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम एवं आपदा परिचालन केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली तथा आमजन को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को त्वरित राहत प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न शाखाओं में पत्रावलियों एवं अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फाइलों एवं दस्तावेजों को सुव्यवस्थित ढंग से संरक्षित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख तत्काल उपलब्ध हो सकें। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश भी दिए।

रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं सुरक्षित संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिकॉर्ड का वर्गीकरण व्यवस्थित तरीके से किया जाए तथा आवश्यक दस्तावेजों को सुरक्षित रखा जाए।

कार्यालयों की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यालय कार्यसंस्कृति को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा कार्यालय परिसरों को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्मिकों से संवाद करते हुए कहा कि जनसेवा प्रशासन का मूल उद्देश्य है और प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को पारदर्शिता, जवाबदेही तथा प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने आपदा परिचालन केन्द्र का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन एवं अतिवृष्टि प्रभावित इलाकों तथा दुर्गम गांवों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील क्षेत्रों की अद्यतन सूची तैयार रखी जाए तथा संपर्क साधनों, संचार व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों एवं राहत व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून सीजन को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बनाए रखें। आपदा परिचालन केन्द्र में तैनात कार्मिकों को भी सूचनाओं के त्वरित संकलन एवं आदान-प्रदान के निर्देश दिए गए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य समयबद्ध तरीके से संचालित किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *