डीडीहाट/पिथौरागढ़। कांग्रेस के प्रदेशव्यापी “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” अभियान के तहत जनपद पिथौरागढ़ की डीडीहाट विधानसभा में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के सह प्रभारी मनोज यादव सहित वरिष्ठ नेताओं ने प्रतिभाग कर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता से संवाद किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में राज्य सरकार पर बेरोजगारी, लगातार हो रहे पेपर लीक प्रकरणों, बढ़ती महंगाई, महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, खनन माफिया, शराब माफिया और भू-माफिया के संरक्षण जैसे गंभीर मुद्दों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन कारणों से प्रदेश की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है और अब उत्तराखंड में परिवर्तन का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही प्रदेश को पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी शासन दे सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और जनसरोकारों के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही जनता से आगामी चुनावों में प्रदेश हित में सरकार बदलने का संकल्प लेने की अपील की।
सम्मेलन में प्रदेश के जनहित, विकास, युवाओं के भविष्य, संगठन की मजबूती तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में धारचूला विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, नगर पालिका अध्यक्ष डीडीहाट गिरीश चुफाल, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष आनंद रावत, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम देवपा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रदीप पाल, कमलदीप बिष्ट, नगर अध्यक्ष कवींद्र साही, रमेश कापड़ी, श्री प्रसाद भंडारी सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।
सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में परिवर्तन लाने तथा कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।