नीट एवं यूकेएसएसएससी पुनर्परीक्षाओं की तैयारियां समय पर पूर्ण करें: मुख्य सचिव

Share on Social Media

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली नीट पुनर्परीक्षा, 14 जून 2026 की उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि नीट पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं पूर्णतः लीक-प्रूफ ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन विभाग की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु शीघ्र शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही संभावित वर्षा को देखते हुए सड़कों के अवरुद्ध होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था (बैकअप प्लान) तैयार रखने को कहा।

बैठक में मुख्य सचिव ने 14 जून को आयोजित होने वाली यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन, परीक्षार्थियों की प्रभावी चेकिंग तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा प्रतिभागियों की सुविधा के लिए पर्याप्त वाहन पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष  जी.एस. मार्तोलिया, प्रमुख सचिव अमित कुमार सिरोही, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, एडीजी डॉ. वी. मुरूगेशन, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, आर. राजेश कुमार, विनोद कुमार सुमन,धीराज सिंह गर्ब्याल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जनपदों से जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *