हिमालय संरक्षण के लिए पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान का समन्वय जरूरी: राष्ट्रीय संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने रखे विचार

Share on Social Media


देहरादून। एम.के.पी. पीजी कॉलेज, देहरादून के हिंदी एवं चित्रकला विभाग की ओर से भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली के सहयोग से भारतीय ज्ञान परंपरा और हिमालयी क्षेत्र की सामाजिक, राजनीतिक, पर्यावरणीय एवं जैव विविधता संबंधी चुनौतियों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने हिमालयी क्षेत्र के संरक्षण और सतत विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत विभाग के स्वागत गीत से हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिमालय भारत की सांस्कृतिक, सामाजिक,आध्यात्मिक एवं पर्यावरणीय पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने पारंपरिक भारतीय ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के समन्वय से हिमालय के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। संगोष्ठी की संयोजिका डॉ. अलका मोहन ने आयोजन के उद्देश्यों एवं विभिन्न सत्रों की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्री प्रकाश सिंह ने कहा कि हिमालय का संरक्षण केवल पर्यावरण से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, सांस्कृतिक विरासत और भावी पीढ़ियों के भविष्य से भी संबंधित है। विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने प्राकृतिक आपदाओं, भूस्खलन और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों का उल्लेख करते हुए विकास एवं पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने इन चुनौतियों से निपटने के लिए प्रशासन, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय समुदायों की सामूहिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रो. एम.एस. पंवार ने प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और पर्वतीय क्षेत्रों के संरक्षण में स्थानीय समुदायों की भूमिका पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता प्रो. मोहन सिंह चौहान ने हिमालय के जल संसाधनों, नदियों, वनों और औषधीय वनस्पतियों के सांस्कृतिक एवं पारिस्थितिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान का वैज्ञानिक अध्ययन और दस्तावेजीकरण किया जाना चाहिए, ताकि हिमालयी पर्यावरण की चुनौतियों का प्रभावी समाधान खोजा जा सके।

तकनीकी सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. हरिओम शंकर ने भारतीय ज्ञान परंपरा और हिमालयी पर्यावरण के अंतर्संबंधों पर विचार व्यक्त करते हुए पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक शोध एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

सत्र की अध्यक्षता उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. डॉ. सुधा रानी पांडेय ने की। उन्होंने प्रकृति, मानव और जीव-जगत के परस्पर संबंधों को रेखांकित करते हुए हिमालय की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

तृतीय सत्र में मुख्य वक्ता हिमांशु दरमोडा ने हिमालयी प्रदेशों के लोकसंगीत पर व्याख्यान दिया। वहीं सपना कुनियाल ने उत्तराखंड की लोककला और आर्थिक परिदृश्य पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। इस सत्र की अध्यक्षता डॉ. रीता तिवारी ने की।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. पूनम ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

संगोष्ठी में डॉ. पुनीत सैनी, डॉ. शालिनी उनियाल, डॉ. एल्वीदास, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, डॉ. नीतू त्रिपाठी, डॉ. मुकेश बाला, डॉ. सविता अग्रवाल, डॉ. कृतिका चमोली, डॉ. अनुदिता चमोली, डॉ. अनुराधा गुसाईं, डॉ. रजनी, डॉ. शारदा, शिवानी रावत, शुभांगी, सोनाली नेगी, आनंदिता, पलाक्षी एवं सौम्या रावत सहित शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ने भारतीय ज्ञान परंपरा और हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियों पर सार्थक विमर्श के साथ प्रकृति संरक्षण एवं सतत विकास के लिए नए दृष्टिकोण प्रस्तुत किए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *