भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ 26 नवम्बर को कांग्रेस का लोकभवन कूच, तैयारियों को लेकर प्रीतम सिंह ने ली बैठक

Share on Social Media


देहरादून।भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में चलाए गए पखवाड़े भर के हस्ताक्षर अभियान के समापन के बाद अब कांग्रेस 26 नवम्बर को ‘भाजपा के भ्रष्टाचार की पोटली लेकर लोकभवन कूच’ करेगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी सभागार में प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में लोकभवन कूच कार्यक्रम को सफल बनाने तथा प्रदेशभर से अधिकाधिक कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों तथा विभिन्न विभागों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और जनहित से जुड़े मामलों में अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्रदेश की जनता इन मामलों पर सरकार से जवाब चाहती है, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय भ्रष्टाचार के मुद्दों से बचने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए गए पखवाड़े भर के हस्ताक्षर अभियान को जनता का व्यापक समर्थन मिला है। इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस ने भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आम जनता की आवाज को एकजुट करने का काम किया है। अब 26 नवम्बर को भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों के दस्तावेजों और जनभावनाओं के प्रतीक के रूप में ‘भ्रष्टाचार की पोटली’ लेकर लोकभवन कूच किया जाएगा। इसके माध्यम से राज्यपाल के जरिए प्रदेश सरकार को उसके कार्यकाल में सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाबदेह बनाने तथा कार्रवाई की मांग की जाएगी।

प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी। भाजपा सरकार की कथित भ्रष्टाचारपूर्ण कार्यप्रणाली, जनविरोधी नीतियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ पार्टी का संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती।

उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से 26 नवम्बर के लोकभवन कूच में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने सुझाव एवं विचार रखे।

बैठक में पूर्व मंत्री नवप्रभात, शूरवीर सिंह सजवाण, रामशरण नौटियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा, कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, पूर्व कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश महामंत्री अश्विनी बहुगुणा, सुरेन्द्र रांगड़, सोनिया आनन्द, राकेश नेगी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, संजय किशोर, राजीव कुमार, गौरव चौधरी, सागर मनवाल, उर्मिला ढौंडियाल थापा, रितेश क्षेत्री, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, सुलेमान अली,सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *