लखवाड़-ब्यासी जल विद्युत परियोजना में श्रमिकों पर पुलिसिया दमन सरकार की मजदूर विरोधी नीति का परिणाम: लेखराज

Share on Social Media


देहरादून।सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के जिला महामंत्री लेखराज ने निर्माणाधीन लखवाड़-ब्यासी जल विद्युत परियोजना में यूनियन की मान्यता और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे श्रमिकों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज एवं दमनात्मक कार्रवाई की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि श्रमिकों की जायज मांगों का समाधान करने के बजाय पुलिस बल का इस्तेमाल कर आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है, जो धामी सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों को उजागर करता है।

लेखराज ने कहा कि सीटू से संबद्ध संविदा श्रमिक संघ उत्तरांचल प्रांतीय आंचल वर्ष 2023 से ही लखवाड़-ब्यासी जल विद्युत परियोजना में कार्यरत श्रमिकों को उनके अधिकार दिलाने और उन्हें संगठित करने के लिए संघर्षरत है। इसके बावजूद संविदाकार एलएंडटी कंपनी द्वारा यूनियन को मान्यता नहीं दी जा रही है। कंपनी की इस हठधर्मिता के कारण श्रमिकों का शोषण लगातार जारी है और उन्हें अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा श्रमिकों के शोषण को जारी रखने में श्रम विभाग की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। श्रम विभाग श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने में विफल साबित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई कर श्रमिकों को न्याय नहीं दिलाया तो सीटू श्रम विभाग के खिलाफ भी आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।

लेखराज ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे श्रमिकों पर पुलिस की कार्रवाई सीधे तौर पर कंपनी को लाभ पहुंचाने वाली है। इस घटना से धामी सरकार का मजदूर विरोधी चेहरा बेनकाब हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को आने वाले विधानसभा चुनाव में मजदूरों के आक्रोश का खामियाजा भुगतना पड़ेगा और श्रमिक वर्ग उसे सत्ता से बाहर करने का काम करेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *