मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी से भेंट कर उत्तराखण्ड के विकास के लिए मांगा सहयोग

Share on Social Media


नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर उत्तराखण्ड के समग्र विकास, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की तथा केंद्र सरकार से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने पर्वतीय राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों एवं सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने EAP Capping से छूट, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार एवं आधुनिकीकरण, दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, टनकपुर-बागेश्वर एवं बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल परियोजनाओं, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण तथा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर सहयोग का अनुरोध किया।

उन्होंने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वेडिंग डेस्टिनेशन, आध्यात्मिक पर्यटन क्षेत्र, शीतकालीन चारधाम यात्रा एवं साहसिक पर्यटन गतिविधियों के विस्तार की जानकारी दी। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड, वोकल फॉर लोकल, वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम तथा शिक्षा के क्षेत्र में भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत किए जा रहे प्रयासों से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखण्ड की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा, शुद्ध शहद, बदरी घी, हर्षिल का राजमा एवं लाल चावल भेंट किए। साथ ही कुंभ-2027 की आध्यात्मिक महत्ता दर्शाती मां गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने तथा प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *