उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, महिला सुरक्षा के मुद्दे पर धामी सरकार को घेरा

Share on Social Media


देहरादून। प्रदेश में लगातार बढ़ रही हत्या, बलात्कार, महिला उत्पीड़न एवं संदिग्ध मौतों की घटनाओं को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र सिंह भंडारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला एवं पूर्व कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने आरोप लगाया कि धामी सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल है। महिलाओं के विरुद्ध अपराध, हत्या, बलात्कार और उत्पीड़न की घटनाएं सरकार के महिला सुरक्षा संबंधी दावों की पोल खोल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की आपराधिक मामलों में संलिप्तता और अपराधियों को संरक्षण मिलने से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने देहरादून में हालिया हत्याओं एवं संदिग्ध मौतों का उल्लेख करते हुए प्रेमनगर में महिला की निर्मम हत्या, राजपुर में मदन राणा, रायपुर में गौरव बागड़ी तथा नाबालिग अर्श अंसारी की मौत के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने महिला अपराधों के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है।

कांग्रेस ने मांग की कि प्रेमनगर में महिला की हत्या के मामले में दो दिन के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा सभी हत्या एवं संदिग्ध मौतों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो। साथ ही महिला अपराधों पर रोक लगाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय की जाए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *