देहरादून। आगामी शीतकाल, संभावित शीतलहर एवं बर्फबारी के मद्देनजर जनपदवासियों की सुरक्षा, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शीतकालीन तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं तहसील क्षेत्रों में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर अलाव जलाने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके लिए वन विभाग, जिला लॉटिंग अधिकारी एवं आपदा प्रबंधन विभाग को आपसी समन्वय से आवश्यक लकड़ी एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्धन, असहाय, निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए समय रहते कंबल उपलब्ध कराने तथा तहसील स्तर पर पर्याप्त कंबलों का भंडारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश प्रभारी अधिकारी सीआरए अनुभाग को दिए। जिला पूर्ति अधिकारी को दुर्गम क्षेत्रों में तीन माह का खाद्यान्न अग्रिम रूप से पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बिस्तर, कंबल, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, शौचालय एवं साफ-सफाई सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र के रैन बसेरों के लिए नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निरीक्षण एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि ठंड के दौरान जरूरतमंदों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आश्रय मिल सके।
दुर्गम, पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी और मार्ग अवरुद्ध होने की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने खाद्यान्न, पेयजल, ईंधन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का अग्रिम भंडारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम के कारण आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को बर्फबारी की संभावना वाले क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं का समय रहते चिह्नीकरण करने तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें निकटवर्ती चिकित्सालयों के समीप सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शीतकाल में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों की सूची, उनके मोबाइल नंबर एवं निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों का विवरण व्यवस्थित रखने के साथ ही अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, गर्माहट की व्यवस्था एवं एंबुलेंस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से दूरस्थ एवं बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में आपातकालीन स्थिति के दौरान त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बर्फबारी के दौरान सड़क संपर्क बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं को जेसीबी, स्नो कटर, स्नो ब्लोअर सहित आवश्यक मशीनरी और संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक लगाने तथा मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं मशीन ऑपरेटरों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए भी पूर्व तैयारी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब मौसम, अत्यधिक ठंड एवं संभावित मार्ग अवरोध की स्थिति में पर्यटकों को समय से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही ऐसे ट्रैक मार्गों को चिह्नित किया जाए, जहां मौसम खराब होने पर पर्यटकों के फंसने की आशंका रहती है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा, सूचना तंत्र एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पशुधन की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पशु चिकित्सालयों में आवश्यक दवाइयों एवं उपचार सुविधाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शीतलहर एवं पाले से पशुओं को बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने, आवारा पशुओं के लिए सुरक्षित आश्रय एवं देखभाल की व्यवस्था करने तथा चारा बैंकों में पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखने को कहा। वहीं, मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावित घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग को भी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शीतकालीन तैयारियों को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य शीतलहर, बर्फबारी एवं प्रतिकूल मौसम के दौरान प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से कार्य करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट रविन्द्र जुवांठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित नगर निगम, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, ग्रामीण निर्माण विभाग, वन विभाग, विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उप जिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
