भोपाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भोपाल में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्व. पटवा जी के व्यक्तित्व, विचारों और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी ने अपने लंबे राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में जनसेवा, संगठनात्मक कार्यों और राष्ट्रहित को सदैव प्राथमिकता दी। उन्होंने मध्यप्रदेश के विकास तथा समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ संकल्प, कुशल नेतृत्व और जनकल्याण के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि स्व. पटवा जी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और जनविश्वास का उदाहरण है। उनके विचार और कार्य आने वाली पीढ़ियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा जी की धर्मपत्नी से भी आत्मीय भेंट की और उनकी कुशलक्षेम जानी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रति सम्मान एवं आत्मीयता व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
