अमित शाह के देहरादून दौरे की तैयारियां पूरी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए जोन-सेक्टर में बांटा गया कार्यक्रम स्थल

Share on Social Media


देहरादून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 06 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज करते हुए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को केंद्रीय गृहमंत्री दोपहर 12 बजे संबोधित करेंगे। इसके बाद वह रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

वीवीआईपी दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में भी अलग-अलग अधिकारियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कार्यक्रम स्थलों को विभिन्न जोन एवं सेक्टर में विभाजित किया गया है।

इसी क्रम में कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल एवं सेक्टर अधिकारियों तथा ड्यूटी प्रभारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय से अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पहुंचने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्यूटी स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन करने और किसी भी कमी की जानकारी समय रहते उपलब्ध कराने को कहा।

परेड ग्राउंड में मुख्य मंच, वीआईपी एवं अतिथि दीर्घाओं, ग्रीन रूम, डाइनिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, स्वच्छता, चिकित्सा और अग्निशमन व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे एवं राज्य स्थापना दिवस समारोह को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *