मुख्यमंत्री ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को दिखाई हरी झंडी, पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने सहित युवाओं के हित में की कई घोषणाएं

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पवेलियन ग्राउंड, देहरादून में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर युवाओं को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। उन्होंने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में वृद्धि करने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने तथा आमवाला स्थित युवा केंद्र के समीप मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने की घोषणा की।

उन्होंने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने, ओवरऑल विजेता जनपद की पुरस्कार राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख करने तथा खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने की भी घोषणा की। प्रतियोगिताओं में पारंपरिक खेलों को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा।

धामी ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।

उन्होंने युवाओं से खेल, योग एवं शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त उत्तराखण्ड के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, खेल परिषद अध्यक्ष कुलदीप बुटोला,विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल  दीप्ति सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *