हल्द्वानी प्रकरण को जायज ठहराने वाले बयान पर कांग्रेस का विरोध, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट में मुकदमे की मांग

Share on Social Media

देहरादून।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट द्वारा हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धीकरण’ प्रकरण को जायज ठहराए जाने संबंधी बयान पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों के प्रतिनिधिमंडल ने थाना कोतवाली देहरादून में शिकायत दर्ज कराते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम के बाद भाजपा के सहयोगी संगठनों द्वारा रामलीला मैदान के ‘शुद्धीकरण’ के नाम पर मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ-साथ पूरे अनुसूचित जाति समाज का अपमान किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद होने के बावजूद महेन्द्र भट्ट ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने के बजाय कथित तौर पर प्रकरण में शामिल लोगों का बचाव किया तथा अपने सहयोगी संगठनों के कृत्य को जायज ठहराया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बयान से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अनुसूचित जाति समाज की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार प्रदान करता है। संविधान का अनुच्छेद 14 कानून के समक्ष समानता और समान संरक्षण की गारंटी देता है, जबकि अनुच्छेद 17 अस्पृश्यता का अंत करता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जाति के आधार पर किसी व्यक्ति का अपमान न केवल संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है,बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उनके साथ हुए कथित अपमानजनक व्यवहार को जायज ठहराया जाना संवैधानिक पद और विपक्ष की गरिमा के प्रति गंभीर सवाल खड़ा करता है।

प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार से कांग्रेस कार्यकर्ता आहत हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए गए बयान ने मामले की गंभीरता को और बढ़ा दिया है।

थाना कोतवाली देहरादून को सौंपे गए शिकायती पत्र में मदन लाल ने मांग की कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट तथा भारतीय दण्ड संहिता/लागू सुसंगत कानूनी प्रावधानों के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *