राखी भेंट कर महिला कांग्रेस ने उठाए अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े सवाल, सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग

Share on Social Media


देहरादून। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी को राखी भेंट की। इस दौरान महिला कांग्रेस ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों का जवाब जनता के सामने रखने तथा प्रकरण की सीबीआई जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड उत्तराखंड की जनता,विशेषकर मातृशक्ति के लिए बेहद संवेदनशील और पीड़ादायक मामला है। घटना को लंबा समय बीत जाने के बावजूद प्रकरण से जुड़े कई सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह जानना चाहती है कि मामले की सीबीआई जांच किस स्तर तक पहुंची है और जांच में अब तक क्या महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।

रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी प्रकरण की सच्चाई भी पूरी तरह सामने आनी चाहिए। वीआईपी कौन था,उसका प्रकरण से क्या संबंध था और जांच में इस संबंध में अब तक क्या तथ्य सामने आए हैं, सरकार को इन सभी सवालों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक बेटी को न्याय दिलाना केवल उसके परिवार की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि सरकार और पूरे समाज का दायित्व है। सरकार को सीबीआई जांच की प्रगति और जांच से जुड़े तथ्यों को पारदर्शी तरीके से जनता के सामने रखना चाहिए। साथ ही कथित वीआईपी प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करते हुए किसी भी दोषी को किसी स्तर पर संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए।

महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि राखी का पर्व भाई-बहन के विश्वास,सुरक्षा और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसी भावना के साथ मुख्यमंत्री को राखी भेंट कर महिला कांग्रेस ने प्रदेश की बेटियों की सुरक्षा,सम्मान और न्याय के प्रति सरकार की जवाबदेही की याद दिलाई है।

महिला कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी को पूर्ण न्याय मिलने तक कांग्रेस और महिला कांग्रेस इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी। संगठन ने सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की,ताकि जनता के मन में उठ रहे सवालों का समाधान हो सके।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा डोबरियाल शर्मा, चन्द्रकला नेगी,शोभा बडोनी,जिलाध्यक्ष पूनम सिंह,रश्मि पटवाल,आशा रावत,अंशुल त्यागी,लता जोशी,दीपा चौहान, पुष्पा पंवार, निधि नेगी,सुशीला शर्मा,अनुराधा तिवारी, सरिता बिष्ट, दर्शनी रावत, सरिता कुरैशी,गार्गी राय,रेखा ढींगरा सहित महिला कांग्रेस की अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *