पौड़ी में रक्षाबंधन मिलन कार्यक्रम में उमड़ा जनसमर्थन,बड़ी संख्या में लोगों ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता

Share on Social Media


पौड़ी गढ़वाल। जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी ने पूर्व आईएएस सुंदर लाल मुयाल के सहयोग से प्रेक्षागृह पौड़ी में रक्षाबंधन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर क्षेत्र की मातृशक्ति,युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की और कांग्रेस की विचारधारा एवं नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए अनेक लोगों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में भाजपा की नीतियों से समाज का हर वर्ग त्रस्त और परेशान है। केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों और कथित उत्पीड़न से जनता अजीज आ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठे वादों और पूंजीपति-परस्त नीतियों का पटाक्षेप हो चुका है तथा अब जनता एक बार फिर कांग्रेस की ओर आशा और उम्मीद के साथ देख रही है।

गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में लगातार बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। यह बदलाव इस बात का संकेत है कि जनता अब जनहित,सामाजिक न्याय,लोकतांत्रिक मूल्यों और आम आदमी की आवाज को प्राथमिकता देने वाली राजनीति की ओर लौटना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा समाज के सभी वर्गों के हितों की आवाज मजबूती से उठाती रही है और आगे भी जनता के अधिकारों एवं सम्मान की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा से सहमत होकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी साथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि मैं कांग्रेस की नीतियों से सहमत होकर पार्टी में शामिल हो रहे सभी साथियों का हार्दिक स्वागत करता हूं। आपका कांग्रेस परिवार में जुड़ना संगठन की मजबूती और जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मातृशक्ति,युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की बढ़ती भागीदारी से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिल रही है। आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता से संवाद करेंगे तथा जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

रक्षाबंधन मिलन कार्यक्रम में नए साथियों का कांग्रेस परिवार में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सदस्यता ग्रहण करने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *