मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में सीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹62.97 करोड़ की सौगात,50 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

Share on Social Media


चम्पावत। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामलीला मैदान धूरा,चम्पावत में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चम्पावत के सर्वांगीण विकास के लिए ₹62.97 करोड़ की लागत की 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को विकास की कई सौगातें देते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़-ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग,ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क तथा भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही धन एवं बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा।

धामी ने आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी, बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी तथा बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य कराने की घोषणा की। ग्राम पंचायत पोथ में लदिया नदी पर झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई हेतु नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुमाऊंनी भाषा में मातृशक्ति से संवाद किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर वे अपनी बहनों,माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। उन्होंने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान केवल हिमालय की चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य से ही नहीं, बल्कि यहां की मेहनती,साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं,बल्कि महिलाओं को शिक्षित,स्वस्थ,सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार एवं समाज के निर्णयों में बराबर की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान,सुरक्षा, शिक्षा,स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर बनता है। परिवार से गांव, गांव से समाज और समाज के सशक्त होने से पूरा उत्तराखण्ड सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनेगा।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा,जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी,भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त,जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया,दायित्वधारी  श्याम नारायण पाण्डेय,मुकेश महराना, सुभाष बगौली,  जिलाधिकारी मनीष कुमार,पुलिस अधीक्षक रेखा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *