देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम,विश्वास,स्नेह, समर्पण और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। साथ ही यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के साथ नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन महिलाओं के प्रति आदर, सम्मान और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करने वाला पर्व भी है। महिलाओं को सशक्त किए बिना समृद्ध और विकसित उत्तराखण्ड की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी प्रगति के लिए ऐसा आदर्श समाज बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया,जहां महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और सुरक्षा प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान एवं सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्तराखण्ड में भी महिलाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रदेश की लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिलाओं की आत्मनिर्भरता से परिवार मजबूत होता है और परिवारों के सशक्त होने से समाज तथा प्रदेश की प्रगति को नई गति मिलती है।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। उन्होंने प्रदेशवासियों से महिलाओं के सम्मान,सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा समाज में भाईचारे और सद्भाव की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।