सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा थीम पर होगी आकर्षक विद्युत सज्जा

Share on Social Media


देहरादून।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ते हुए स्वतंत्रता दिवस को भव्य एवं गरिमामय राष्ट्र उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपदवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना को अभिव्यक्त करने का अवसर भी है। उन्होंने नागरिकों से पूरे उत्साह के साथ अभियान में भागीदारी कर स्वतंत्रता दिवस को भव्य एवं यादगार बनाने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तिरंगा थीम पर रंगोली सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों एवं शॉपिंग मॉल में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ा जा सके और स्वतंत्रता दिवस के प्रति उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जनपद स्तर पर पर्यटन विभाग द्वारा 9 अगस्त को तिरंगा साइकिल रैली एवं तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। इन रैलियों के माध्यम से राष्ट्रध्वज के सम्मान, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जनपद के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को तिरंगा थीम पर आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। इससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का वातावरण और अधिक जीवंत एवं आकर्षक बनेगा।

जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। सामूहिक सहभागिता से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय एकता, गौरव एवं देशभक्ति के उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *