देहरादून।आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी 10 अगस्त सोमवार को जिला कार्यालय सभागार, देहरादून में समाधान दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप प्रतिभाग कर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करेंगे।
समाधान दिवस कार्यक्रम पूर्वाह्न 11:00 बजे से जिला कार्यालय सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान आमजन अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव मंडल आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में शिकायतों की सुनवाई करते हुए यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
आयुक्त कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को समाधान दिवस में निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों की समुचित जानकारी एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहें, ताकि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए हैं कि समाधान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन प्रकरणों का समाधान मौके पर संभव नहीं है, उनके संबंध में समयबद्ध कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
