देहरादून।आमजन की समस्याओं के त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समाधान दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 109 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, सीमांकन, पारिवारिक विवाद, ऋण माफी, मुआवजा, आर्थिक सहायता तथा विभिन्न सार्वजनिक सेवाओं से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए।
समाधान दिवस में एक अत्यंत संवेदनशील मामला भी सामने आया, जिसमें 75 वर्षीय विधवा माया देवी ने पारिवारिक परिस्थितियों एवं घरेलू उत्पीड़न की शिकायत करते हुए सुरक्षा एवं सम्मानपूर्वक जीवन की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रभारी महिला सेल, देहरादून को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार, संपत्ति विवाद, पारिवारिक उत्पीड़न एवं जान से मारने की धमकी से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देहरादून-डोईवाला-भानियावाला-जौली-थानो मार्ग पर सार्वजनिक बस सेवा संचालित न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीईओ) को तत्काल वार्ता के लिए तलब किया।
लखवाड़ बांध परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहित भूमि के पुनर्स्थापन अनुदान, सड़क चौड़ीकरण के मुआवजे, भूमि पैमाइश, डेयरी में कथित अनियमितताओं, पेयजल बिल, अवैध अतिक्रमण, जलापूर्ति बाधित होने तथा आर्थिक सहायता एवं स्कूल फीस माफी से संबंधित शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के अंत में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन/सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
