देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), विधानसभा प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय चरण की प्रक्रिया में पूरी सक्रियता, सजगता और जिम्मेदारी के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
गोदियाल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित होना लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के द्वितीय चरण के दौरान प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे तथा किसी भी योग्य नागरिक का नाम अनावश्यक रूप से न हटे, इसके लिए कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने सभी बीएलए, विधानसभा प्रभारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की निरंतर निगरानी रखें, पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा यदि किसी मतदाता के नाम से संबंधित कोई आपत्ति या त्रुटि सामने आती है तो उसका नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारियों से समन्वय स्थापित करें।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए एसआईआर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता लोकतंत्र की मजबूती तथा मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएंगे।