मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की

Share on Social Media



ऊधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गदरपुर स्थित कम्बोज धर्मशाला में शहीद शिरोमणि ऊधम सिंह के शहादत दिवस पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने अखण्ड पाठ में प्रतिभाग किया तथा गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब एवं अमर शहीद ऊधम सिंह को नमन करते हुए कहा कि यह समागम वीरता और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि जब भी हम शहीद ऊधम सिंह के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का स्मरण करते हैं, हमारा हृदय गर्व से भर उठता है। जलियांवाला बाग हत्याकांड भारतीय इतिहास का एक अत्यंत दुखद और काला अध्याय था, जिसका प्रतिकार कर शहीद ऊधम सिंह ने विश्व के समक्ष भारत के स्वाभिमान, साहस और अदम्य संकल्प का परिचय दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अमर शहीद ऊधम सिंह का जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की अनुपम प्रेरणा है। उनका त्याग प्रत्येक भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना जागृत करता है तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति, सेवा, त्याग और मानवता की प्रेरणा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन वाणी से प्राप्त होती है। गुरु साहिब की शिक्षाएं मानवता, करुणा, सत्य, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का मार्ग प्रशस्त करती हैं तथा पूरे राष्ट्र को प्रेरित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड के विकास में सिख समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अमर शहीद ऊधम सिंह के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविन्द पाण्डेय,शिव अरोरा,त्रिलोक सिंह चीमा,भाजपा जिलाध्यक्ष  कमल जिंदल, मेयर विकास शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *