देहरादून। राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस को पूरे जनपद में गरिमापूर्ण, भव्य एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा तय की गई तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भव्य एवं भावपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रतिभाग करेंगे। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने, वर्ष 1947 के भारत विभाजन की विभीषिका से प्रभावित लोगों को आमंत्रित करने तथा नई पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी से अवगत कराने के उद्देश्य से विशेष प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और मानव सशक्तिकरण की भावना को सुदृढ़ करना है।
15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में प्रातः 9:00 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री प्रातः 10:00 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों के बीच राष्ट्रगान होगा तथा पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स एवं प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों तथा उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक जनपदवासी इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बन सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त की शाम 6:00 बजे से जनपद के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाए तथा सरकारी भवनों एवं प्रमुख इमारतों को एलईडी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया जाए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, विचार गोष्ठी, निबंध एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों को समय से निमंत्रण भेजने और पुलिस विभाग को परेड एवं सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम को पार्कों, स्मारकों, चौक-चौराहों एवं प्रतिमाओं के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर तिरंगा यात्राएं और साइकिल रैलियां आयोजित कर व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त रहेगा और प्लास्टिक से बनी सामग्री का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा।
स्वतंत्रता दिवस को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए पूरे जनपद में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, ताकि देशभक्ति के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी जन-जन तक पहुंचे।
