

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य प्रीतम सिंह की उपस्थिति में आज प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में चुनाव अभियान समिति के कार्यालय कक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन से प्रदेश की जनता आज त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं के विरुद्ध अपराध चरम पर हैं। लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं ने सरकारी भर्ती एवं शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों से लेकर अब तक केवल झूठे वादे किए हैं। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें महंगाई, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के अलावा जनता को कोई राहत नहीं दे सकीं। युवा, बेरोजगार, विद्यार्थी, महिलाएं, मजदूर और किसान सहित समाज का प्रत्येक वर्ग आज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है।
प्रीतम सिंह ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर उत्तराखंड के विकास को पुनः गति दी जाएगी और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार, महामंत्री राजेन्द्र शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, संजय किशोर, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, विनोद चौहान आदि काफी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।