देहरादून। जिला प्रशासन की संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई से अपर नत्थनपुर निवासी दिव्यांग सुनील चन्द्र को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया है। लंबे समय से दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित रहे सुनील चन्द्र को अब दिव्यांगता प्रमाण पत्र, मासिक दिव्यांग पेंशन, बैंक खाता तथा निःशुल्क व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई है।

सुनील चन्द्र 29 जून को व्हीलचेयर के सहारे समाधान दिवस में पहुंचे और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि वे अत्यंत गरीब एवं शारीरिक रूप से असमर्थ हैं तथा आज तक उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है, जिसके कारण वे किसी भी सरकारी योजना का लाभ प्राप्त नहीं कर सके।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तत्काल सुनील चन्द्र को कोरोनेशन अस्पताल ले जाकर उसी दिन मेडिकल परीक्षण कराने तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही समाज कल्याण अधिकारी को तहसील प्रशासन के समन्वय से आय प्रमाण पत्र बनवाकर दिव्यांग पेंशन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में मेडिकल परीक्षण के उपरांत सुनील चन्द्र को 45 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण पत्र जारी किया गया। समाज कल्याण विभाग ने तहसीलदार सदर के माध्यम से उनका आय प्रमाण पत्र तैयार कराया तथा आवश्यक विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए अगस्त माह से दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर दी।
कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि सुनील चन्द्र का कोई बैंक खाता नहीं था। पेंशन की धनराशि सीधे उनके खाते में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। बैंक कर्मियों ने उनके घर पहुंचकर उनका बैंक खाता खोला, जिससे उन्हें पेंशन का लाभ सीधे प्राप्त हो सके।समाज कल्याण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए सुनील चन्द्र को निःशुल्क व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई है।
प्रशासन की इस संवेदनशील एवं जनहितकारी पहल पर सुनील चन्द्र ने जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान तथा जिला प्रशासन की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें विश्वास हो गया है कि शासन-प्रशासन वास्तव में जरूरतमंद एवं गरीब लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।