देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 9 एवं 10 जुलाई को उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक सतर्कता एवं एहतियाती निर्देश जारी किए हैं।

मौसम विभाग ने 9 जुलाई के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर एवं चम्पावत जनपदों में ऑरेंज अलर्ट तथा अन्य पर्वतीय जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 10 जुलाई को पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत एवं बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट तथा शेष संबंधित जनपदों में येलो अलर्ट रहेगा।
सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनी का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेषकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने, नदी-नालों एवं बरसाती गधेरों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें तथा केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24×7 सतर्क रहते हुए आवश्यक संसाधन एवं मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।