पौड़ी। प्रदेश कैबिनेट मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का सेतु है। इसके माध्यम से सरकार अपनी योजनाओं और कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करती है तथा आमजन अपनी समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचा सकते हैं।

अपने क्षेत्र भ्रमण के तीसरे दिन सोमवार को महाराज ने विकासखंड बीरोंखाल के भरपूर बड़ा, नेग्याणा, कसाणी, हलाड़, सैंधार, भरोलीखाल, कमलिया वल्ला सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल एवं सशक्त संगठन की बैठकों में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर उन्होंने लगभग ₹3 करोड़ 20 लाख से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें ₹2.71 करोड़ की लागत से बनने वाले भगवती तलिया–कमलिया 5 किमी मोटर मार्ग पर आरसीसी सेतु, ₹39.18 लाख की लागत से सैंधार–नेग्याणा–चोरिखिंडा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य तथा ग्राम पंचायत कैलाड़ में ₹10 लाख की लागत से बनने वाले पंचायत भवन का शिलान्यास शामिल है।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर जनसमस्याओं को सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
क्षेत्र में भूमियाखांडा–किंगोड़ीधार पंपिंग पेयजल योजना, डांडा नागराजा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना, वेदीखाल पंपिंग पेयजल योजना, बरसुंडा देवता पंपिंग योजना, भैरोंगढ़ी पंपिंग पेयजल योजना, जूनीसेरा–चौबट्टाखाल पंपिंग पेयजल योजना तथा हलूणी पेयजल योजना सहित करोड़ों रुपये की अनेक पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिला अध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, जिला मंत्री बृजमोहन, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, दलीप सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक स्वराज बौखण्डी, प्रधान विनोद जोशी, बचन सिंह, निर्मला देवी, एसडीएम कृष्ण कुमार त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।