देहरादून। कांग्रेस के मिशन 2027 के अंतर्गत चलाए जा रहे जनसंवाद से जनसमर्थन अभियान को देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनता का समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी ने आज सीमाद्वार क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।

इस अवसर पर नवीन जोशी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज़ बनकर उनके हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं, भ्रष्टाचार और विकास कार्यों की धीमी गति से परेशान है। ऐसे में प्रदेश और विशेष रूप से कैंट विधानसभा की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि मिशन 2027 का उद्देश्य घर-घर पहुँचकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना तथा कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास के विज़न को प्रत्येक परिवार तक पहुँचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से कैंट विधानसभा में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होगा तथा कांग्रेस जनहित, विकास और पारदर्शी शासन की नई दिशा देने का कार्य करेगी।
नवीन जोशी ने क्षेत्रवासियों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर जनहितैषी, जवाबदेह और संवेदनशील सरकार बनाने का आह्वान किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया जिस पर नवीन जोशी ने आश्वस्त किया कि अगर आने वाले समय में जनता कांग्रेस को समर्थन देती है तो वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए कैंट विधानसभा के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
इस अवसर पर संजय कुमार, विनय शर्मा, घनश्याम चक्रधर वर्मा, रामचरण, हरेंद्र सिंह, मनोज रावत, परमिंदर सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।