राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को समयबद्ध मिले सरकारी नौकरी, खेल विभाग में समायोजन को मिले प्राथमिकता : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

Share on Social Media

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी सेवा में समायोजित करने की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकांश खिलाड़ियों की नियुक्ति खेल विभाग में ही सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप उत्तराखंड की नई खेल नीति तैयार की जाए। साथ ही उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गोलापार हल्द्वान में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने, प्रवेश प्रक्रिया तथा कोच, कर्मचारियों एवं अधिकारियों की नियुक्ति में तेजी लाई जाए।

उन्होंने ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के अंतर्गत मिनी स्टेडियमों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित खेल अवसंरचना के रख-रखाव एवं बेहतर उपयोग के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील, हरिद्वार एवं पिथौरागढ़ के खेल परिसरों को खिलाड़ियों के लिए और अधिक उपयोगी बनाने पर भी जोर दिया।

धामी ने कहा कि 39वें राष्ट्रीय खेल-2027 की तैयारी अभी से शुरू की जाए। विभिन्न खेल विधाओं में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएं तथा खेल संघों के सहयोग से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान एवं चयन प्रक्रिया को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आगामी राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का प्रदर्शन और बेहतर बनाते हुए देवभूमि को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने ‘एक जिला-एक खेल (ODOS)’ योजना के तहत प्रत्येक जिले में निर्धारित खेल के लिए कोचिंग, प्रतिभा खोज और प्रतियोगी माहौल विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक जिला खेल छात्रावास को संबंधित खेल की ODOS खेल नर्सरी के रूप में विकसित करने पर बल दिया।

बैठक में जानकारी दी गई कि अब तक 29 पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में समायोजित किया जा चुका है। एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम योजना के अंतर्गत अब तक 48 मिनी स्टेडियम बन चुके हैं, जबकि 10 मिनी स्टेडियमों का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा अन्य स्टेडियमों के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है।यह भी बताया गया कि भारत के प्रथम महिला आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज, लोहाघाट का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके संचालन के लिए 16 पद सृजित किए जा चुके हैं तथा प्रवेश प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

इसके अलावा उत्तराखंड के प्रथम एवं देश के दसवें राज्य खेल विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में सभागार, केंद्रीय पुस्तकालय, स्वास्थ्य केंद्र, कैफेटेरिया, अनुसंधान केंद्र, शूटिंग रेंज, सेमिनार हॉल, बैडमिंटन हॉल, फुटबॉल मैदान, हॉकी मैदान, 8 लेन एथलेटिक्स ट्रैक सहित 39 आधुनिक खेल अवसंरचना परियोजनाओं का विकास किया जा रहा है।

बैठक में खेल मंत्री  रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल  अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *