मुख्यमंत्री 4 जुलाई को ऋषिकेश में करेंगे सेवा सप्ताह का शुभारंभ, विशाल बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में

Share on Social Media


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में 4 से 10 जुलाई तक “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” संकल्प के साथ सात दिवसीय सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।

अभियान का शुभारंभ 4 जुलाई को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल मैदान में आयोजित विशाल बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर से होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने आईडीपीएल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश की सामरिक एवं भौगोलिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थिति को देखते हुए देहरादून के साथ-साथ टिहरी और हरिद्वार से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए तीनों जनपदों के विभागीय अधिकारी संयुक्त रूप से उपस्थित रहेंगे और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर का उद्देश्य आमजन को तत्काल राहत एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना होना चाहिए। शिविर में विशाल स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से गंभीर एवं पुरानी बीमारियों की जांच, आवश्यक परामर्श तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के कार्ड मौके पर ही बनाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को समय रहते पूरी तरह सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सेवा सप्ताह के आयोजन के लिए उत्तराखंड सूचना विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। तैयारियों की समीक्षा के लिए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने भी आईडीपीएल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *