पिथौरागढ़ 30 जून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पिथौरागढ़ में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आगामी समय में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन निश्चित है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं तथा आम जनता के सहयोग से राज्य में जनहित की सरकार स्थापित होगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तराखंड जैसे छोटे राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक, महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दे लगातार बढ़े हैं। भाजपा शासन में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं, जिन्हें उखाड़ फेंकने का समय अब जनता के हाथ में है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवा दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन परीक्षा होने के बाद पेपर लीक होने की घटनाएं उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करती हैं। इससे युवाओं का सरकार पर विश्वास कमजोर हुआ है और उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई ने आम परिवारों की कमर तोड़ दी है, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, महिलाओं की अस्मिता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं तथा भू-माफिया, शराब माफिया और अन्य असामाजिक तत्वों को संरक्षण मिलने के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं।
गोदियाल ने प्रदेश की जनता से लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकार का प्रयोग करते हुए जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली सरकार को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में तानाशाही के लिए कोई स्थान नहीं है और जनता ही सर्वोच्च है। आने वाले चुनाव में प्रदेश की जनता अपने मताधिकार का प्रयोग कर उत्तराखंड में एक जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी सरकार स्थापित करेगी।