मुख्यमंत्री ने ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में गिनाई विकास की उपलब्धियां, कहा उधम सिंह नगर उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन

Share on Social Media

रुद्रपुर, 26 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को रुद्रपुर के एक स्थानीय होटल सभागार में न्यूज 18 समूह द्वारा आयोजित ‘राइजिंग सिटी’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, औद्योगिक प्रगति, आधारभूत संरचना, रोजगार, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था तथा सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उधम सिंह नगर उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख ग्रोथ इंजन है और इस जनपद से उनका विशेष आत्मीय जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर आज प्रदेश की औद्योगिक राजधानी के रूप में अपनी सशक्त पहचान बना चुका है तथा राज्य की आर्थिक प्रगति में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखण्ड में सड़क संपर्क व्यवस्था का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। ऑल वेदर रोड, एक्सप्रेस-वे और अन्य सड़क परियोजनाओं से प्रदेश में यातायात अधिक सुगम, सुरक्षित एवं तेज हुआ है, जिससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन और आमजन को व्यापक लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उत्तराखण्ड को दूसरे एम्स की सौगात मिली है, जिसका निर्माण किच्छा में तेजी से चल रहा है। इसके पूरा होने पर उधम सिंह नगर, पूरे कुमाऊँ मंडल तथा उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके शीघ्र पूर्ण होने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी तेजी से प्रगति पर है और इसे शीघ्र ही जनसेवा के लिए समर्पित किया जाएगा। साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तारीकरण भी तेजी से किया जा रहा है। एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से विकसित किए जाने के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन संभव होगा, जिससे पर्यटन, निवेश, उद्योग और व्यापार को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उधम सिंह नगर के सीमांत गांवों—मेलाघाट, सिसैया और नारायण नगर के समग्र विकास के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उधम सिंह नगर वास्तव में “मिनी इंडिया” है, जहां देश के विभिन्न राज्यों से आए लोग वर्षों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकता के साथ रहते हैं। यही विविधता इस जनपद की सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उसका उपयोग केवल जनकल्याण एवं विकास कार्यों के लिए ही किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प केवल वर्तमान का विकास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखण्ड प्रदान करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के सतत प्रयासों से उधम सिंह नगर सहित पूरा उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में जनपद प्रभारी एवं परिवहन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा, सांसद अजय भट्ट, विधायक  शिव अरोरा, श त्रिलोक सिंह चीमा, जिला पंचायत अध्यक्ष  अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, दर्जा मंत्री  अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, उत्तम दत्ता, जिलाध्यक्ष  कमल जिंदल, मनोज पाल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *