देहरादून 25 जून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस 28 जून 2026 के सफल आयोजन एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी बूथों, ट्रांजिट टीमों एवं मोबाइल टीमों की व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा आवश्यक दवाओं, वैक्सीन कैरियर, प्रचार-प्रसार सामग्री एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों, दुर्गम स्थानों एवं प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में 28 जून को कुल 1505 बूथों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जिनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ तथा 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके उपरांत 29 जून से 4 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के सफल संचालन हेतु 1498 टीमें एवं 444 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं अन्य माध्यमों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित हों। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के माध्यम से घर-घर संपर्क कर लक्षित परिवारों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचना चाहिए और कोई भी पात्र बच्चा छूटने नहीं पाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई बच्चा टीकाकरण अथवा पोलियो खुराक से वंचित पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य कर राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस को पूर्ण सफलता प्रदान करने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
