देहरादून 23 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखा जाए।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का हार्दिक स्वागत है। उन्होंने प्रदेश की आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण में यात्रा का आनंद लेने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आई घटनाओं के संबंध में राज्य सरकार, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई है तथा तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंट साहिब यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे पवित्र स्थलों के प्रति सम्मान एवं ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना उत्तराखण्ड की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। प्रदेश में आने वाले सभी लोगों का स्वागत एवं सम्मान किया जाता है।
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं प्रसारित करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज और समुदायों में वैमनस्य फैलाने के प्रयास बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संवाद, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण से ही सभी समस्याओं का समाधान संभव है।
बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन, गृह एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
