रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिले सतपाल महाराज, उत्तराखंड में अधिक सैन्य भर्ती रैलियों की उठाई मांग

Share on Social Media

देहरादून/नई दिल्ली। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को नई दिल्ली स्थित रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य में कोस्ट गार्ड, नौसेना, वायु सेना एवं थल सेना की अधिक से अधिक भर्ती रैलियां आयोजित किए जाने का आग्रह किया।

सतपाल महाराज ने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि जब वे लोकसभा की रक्षा मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष थे, तब उनके प्रयासों से उत्तराखंड में कई सैन्य भर्ती रैलियां आयोजित हुई थीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड शत-प्रतिशत साक्षर राज्य बनने की ओर अग्रसर है और यहां के युवाओं का शारीरिक सामर्थ्य तथा सैन्य परंपरा देशभर में विशिष्ट पहचान रखती है। प्रदेश के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना से जुड़ा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा और सैन्य क्षमता को देखते हुए राज्य में कोस्ट गार्ड, नौसेना, वायु सेना तथा थल सेना की भर्ती प्रक्रियाओं को और अधिक गति दी जानी चाहिए, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें और वे देश सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

By Jagriti Gusain

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *