देहरादून, 26 अप्रैल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की संभावित घोषणा को देखते हुए जनपद में तैयारियों को गति दे दी गई है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों को अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई गई। साथ ही नए मतदाताओं के पंजीकरण एवं संशोधन हेतु प्रारूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख भी सौंपे गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्री-रिवीजन गतिविधियों के तहत वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली के मतदाताओं का वर्तमान नामावली से बीएलओ एप के माध्यम से 24 अप्रैल 2026 तक 81 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि शेष कार्य निरंतर जारी है।
जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1882 मतदेय स्थल चिन्हित किए गए हैं, जहां पुनरीक्षण कार्य कराया जाएगा। इनमें चकराता में 237, विकासनगर 142, सहसपुर 212, धर्मपुर 236, रायपुर 214, राजपुर 141, देहरादून कैंट 152, मसूरी 178, डोईवाला 191 तथा ऋषिकेश में 179 मतदेय स्थल शामिल हैं।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 164 नए मतदेय स्थलों का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।
अधिकारियों ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने तथा उसकी सूचना शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया, जिससे पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बूथ लेवल ऑफिसर से सीधे संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा ईसीआईनेट प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। साथ ही निर्वाचन संबंधी शिकायतों हेतु टोल-फ्री नंबर 1950 भी जारी है।
बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हरीश पुरोहित, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सोनिया बहुगुणा, भाजपा प्रतिनिधि अरविंद जैन, बसपा प्रतिनिधि दिग्विजय सिंह, सीपीआईएम प्रतिनिधि सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
